
चंदौली। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने दलित सम्मान और अधिकारों के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध जताया।
विरोध मार्च में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का दलित होने के कारण अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा आवाज उठाए जाने के बाद उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना भी राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी वर्ग के साथ होने वाले अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। उनके अनुसार, भाजपा सरकार की नीतियों और रवैये के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे वरिष्ठ दलित नेता के साथ कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो आम दलितों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और समानता के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित और सामाजिक न्याय के मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने दलितों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की मांग करते हुए कहा कि किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, रामधार जोसफ, तरुण पांडेय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, गंगा प्रसाद, शशिनाथ उपाध्याय, सतीश बिंद, डॉ. सुल्तान खान, मुनीर खान, गुलाब राम, नवीन पांडेय, कुलदीप वर्मा, शिवेंद्र मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, योगेंद्र सिंह, रामौतार यादव, राधेश्याम यदुवंशी, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, मदन लाल, मिठाई राम, अनिल कुमार, मोहम्मद गुलाम अली, शमशेर खान और गोविंद यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

