fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: चहनियां और चकिया ब्लॉक में गूंजी शहनाई, 88 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

चंदौली। चहनियां और चकिया ब्लॉक परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कुल 88 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। बाकायदा पंडाल लगाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया। इसमें वर-वधु ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ रहने की कसमें खाईं।

 

चहनियां में 32 जोड़ों का विवाह
चहनिया ब्लॉक परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 32 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री की इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह गरीब परिवारों के लिए वरदान है, जिससे बेटियां अब परिवार पर बोझ नहीं रहेंगी। समारोह में वर-वधु को उपहार स्वरूप वर्तन सेट, कपड़े, चांदी की पायल और बिछिया, पगड़ी, चुनरी, श्रृंगार बॉक्स, बैग, और ₹35,000 की धनराशि प्रदान की गई। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।

 

चकिया में 56 जोड़ों का विवाह
चकिया ब्लॉक परिसर में 56 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शंभू नाथ यादव और नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस कार्यक्रम में 57 जोड़ों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, लेकिन एक जोड़े की अनुपस्थिति के कारण 56 विवाह संपन्न हुए। सरकार की ओर से हर जोड़े को घरेलू सामान के साथ वधु के खाते में ₹35,000 प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता प्रदान कर रही है। इस योजना के अंतर्गत कुल 50,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 35,000 रुपये वधु के खाते में भेजे जाते हैं। दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। वर-वधु के साथ आए मेहमानों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी।

Back to top button