ख़बरेंचंदौली

Chandauli Weather: चक्रवात ‘अर्णब’ का यूपी में दिखेगा प्रभाव, 28 से 31 अक्टूबर तक तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट

पूर्वांचल के कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट की आशंका

 

योगी सरकार अलर्ट, राहत आयुक्त कार्यालय ने जारी की एडवाइजरी, किसानों को फसल, कृषि उपज और पशुधन सुरक्षित रखने की सलाह

 

चंदौली। चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए योगी सरकार ने राहत और बचाव की तैयारियों पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से आम लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी जारी कर एहतियाती कदम उठाने की अपील की गई है।

 

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को पूर्वांचल के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

कई जिलों में बारिश, तापमान में आएगी गिरावट

पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

 

आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें

राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने तथा पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों व जलाशयों के पास नहीं जाने को कहा गया है।

 

किसानों को फसल बचाने की सलाह

बेमौसम बारिश से कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। पशुधन को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!