ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हाईवे पर अवैध पार्किंग कराने वालों पर चंदौली पुलिस का शिकंजा, 20 ढाबा संचालकों समेत 25 के खिलाफ मुकदमा

चंदौली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चंदौली पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत हाईवे पर वाहनों की अवैध पार्किंग कराने वाले 20 ढाबा एवं होटल संचालकों तथा पांच वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित कई ढाबा और होटल संचालक अपने प्रतिष्ठानों के सामने मुख्य सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग करवा रहे थे। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बढ़ रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले सभी संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी कि वे मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े न कराएं। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर मुकदमे दर्ज किए गए।

 

अभियान के दौरान थाना चंदौली क्षेत्र में छह ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध तीन अभियोग दर्ज किए गए। थाना सैयदराजा में तीन ढाबा एवं होटल संचालकों के साथ पांच वाहन चालकों के खिलाफ भी तीन मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं थाना अलीनगर क्षेत्र में आठ ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध पांच अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि थाना मुगलसराय में तीन ढाबा एवं होटल संचालकों के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।

 

चंदौली पुलिस ने ढाबा एवं होटल संचालकों के साथ-साथ वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति अवैध पार्किंग कराकर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करता पाया गया तो उसके विरुद्ध भी इसी प्रकार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!