ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: टिकैत की जयंती पर किसानों ने लिया संगठन को गांव-गांव मजबूत करने का संकल्प, किसान हितों पर मंथन, पीएचसी में मरीजों को बांटे दूध-फल

संवाददाता-बाबू चौहान

 चंदौली। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक एवं किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती मंगलवार को शहाबगंज में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर किसानों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष और किसान हितों के लिए किए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं पर मंथन करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसान हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

शहाबगंज पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करने का रास्ता दिखाया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में भी किसानों की एकजुटता और उनके अधिकारों की लड़ाई में टिकैत के विचार प्रासंगिक हैं। 

किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन

कार्यक्रम के दौरान चंदौली जनपद में किसानों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने कहा कि खेती की लागत, कृषि से जुड़ी सुविधाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर संगठन स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत कर अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जाएगा। किसानों की समस्याओं को एकजुट होकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने पर जोर दिया गया।

मरीजों को बांटे दूध और फल

जयंती के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सतीश सिंह चौहान के नेतृत्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज में मरीजों को दूध और फल वितरित किए गए। किसान नेताओं ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

जिला अध्यक्ष सतीश सिंह चौहान ने कहा कि किसान संगठन का उद्देश्य केवल किसानों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। बाबा टिकैत के विचारों से प्रेरणा लेकर संगठन किसान हितों के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए भी कार्य करता रहेगा।

इस दौरान जिला मंत्री कृपा शंकर सिंह पटेल, तहसील उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष लल्लन पाल, संजय विश्वकर्मा, ग्राम अध्यक्ष राजेश चौहान, राजकुमार चौहान, कृष्णानंद, रामनरेश, शंभू चौहान, विजय चौहान, बिहारी चौहान, विनोद चौहान, साधु यादव, जूठन सिंह, पारस चौहान और अनिल चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!