ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने कटेसर से गंगा तट तक परखी व्यवस्था,  यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

चंदौली। नमो घाट पर प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कटेसर बधवा, डोमरी, बहादुरपुर समेत गंगा तट से जुड़े इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन के दौरान संभावित भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नमो घाट और आयोजन स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों के साथ वीआईपी आवागमन भी सुचारू रहना चाहिए। सड़कों पर किसी तरह की बाधा न रहे और आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजन से पहले पूरी कर ली जाएं।

 

यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यातायात पुलिस को आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों और घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का संचालन कराने और आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। चिन्हित पार्किंग स्थलों पर वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के साथ पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस और प्रशासन को आयोजन स्थल के आसपास भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अपनी तैयारियां समय से पूरी करें और किसी भी कमी को तत्काल दूर करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, एएसपी विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड राजेश कुमार, डीपीआरओ अविनाश कुमार, एसडीएम पीडीडीयू नगर, ईओ, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!