ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चौकीदार की मौत पर हाईवे जाम करने पर कार्रवाई, 23 नामजद समेत 115 के खिलाफ मुकदमा

चंदौली। मुगलसराय में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिले चौकीदार पुनवासी चौहान की इलाज के दौरान मौत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन करना लोगों को भारी पड़ गया। अलीनगर पुलिस ने हाईवे जाम करने और आमजन के आवागमन में बाधा डालने के आरोप में 23 नामजद समेत करीब 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।

 

पुलिस के अनुसार, पांच अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अलीनगर थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव को सूचना मिली कि सकलडीहा तिराहा स्थित आयुष अस्पताल, आलूमिल के पास कुछ लोगों ने शव रखकर मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया है। सड़क जाम होने से मरीजों की एंबुलेंस समेत आम लोगों के वाहन फंस गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

 

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक पुनवासी चौहान के परिजनों समेत करीब 130 से 140 लोग सड़क की दोनों लेन पर मौजूद मिले। लोग नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने भीड़ को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र होकर नारेबाजी करने लगे। इससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। बाद में उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से जाम हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

 

23 लोगों को किया नामजद

उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर पर अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0618/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 285, 126(2), 189(2) बीएनएस और 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम के तहत 23 लोगों को नामजद किया है। इनमें राहुल चौहान, राहुल, जय सिंह, भदई चौहान, गुलाब पटेल, मो. मुस्ताक कुरैशी उर्फ मुमताज कुरैशी, राजकुमार, बब्लू यादव, कांता पासवान, बंसनारायण चौहान, अजीत पासवान, विकास, अजय चौहान, वीरेंद्र आर्या, संदीप, निखिल, गोलू, राहुल, सनी, आकाश, लकी, जानू और विक्की शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने करीब 110 से 115 अन्य अज्ञात महिला-पुरुषों को भी अभियोग में शामिल किया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। मृतक पुनवासी चौहान अलीनगर क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन के निवासी थे। वह मुगलसराय क्षेत्र में चौकीदारी करते थे और संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिले थे। बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मौत से आक्रोशित लोगों ने शव रखकर हाईवे जाम किया था।

 

Back to top button
error: Content is protected !!