
चंदौली। गंगा तट स्थित नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं, आने-जाने के मार्गों और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नमो घाट की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान लोगों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न हो। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने को कहा।
एयर शो के दौरान स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दूसरे क्षेत्रों से आने वाले दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों और नमो घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए पार्किंग और यातायात प्रबंधन को आपस में जोड़कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारियां पूरी करें और किसी भी संभावित समस्या का पहले से आकलन कर समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, उप जिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी पीडीडीयू नगर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

