fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : मंडल अध्यक्षों व जिला प्रतिनिधियों के जरिये बीजेपी की पिछड़ा वर्ग को साधने की कोशिश, समान्य वर्ग की भूमिका सीमित

चंदौली। भाजपा की ओर से मंडल अध्यक्षों व जिला प्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें सबसे अधिक प्रतिनिधित्व पिछड़ा वर्ग को दिया गया है। चारों विधानसभा सभा क्षेत्रों में नियुक्त किए गए 16 मंडल अध्यक्षों में सर्वाधिक पिछड़ों को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रतिनिधियों की सूची में पिछड़ा वर्ग को मौका दिया गया है। इसके जरिये बीजेपी ने सपा के पीडीए के फार्मूले की काट प्रस्तुत करने की कोशिश की है।

 

प्रदेश निर्वाचन अधिकारी डा. महेंद्रनाथ पांडेय की संस्तुति के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से चारों विधानसभा क्षेत्रों मुगलसराय, सकलडीहा, सैयदराजा, चकिया (सु.) के लिए कुल 16 मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की गई है। इसमें 9 पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं एक बिंद और 6 सामान्य वर्ग के प्रतिनिधियों को मंडल अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

इसी प्रकार 5 पिछड़ा वर्ग के जिला प्रतिनिधि बनाए गए हैं। वहीं 9 सामान्य और एक अनुसूचित को जिला प्रतिनिधि बनाया गया है। दरअसल, लोकसभा चुनाव में यूपी में सपा का पीडीए फार्मूला हिट रहा। इसके चलते बीजेपी को काफी नुकसान झेलना पड़ा था। संगठन के अहम पदों पर पिछड़ों की भागीदारी बढ़ाकर पार्टी ने सपा के पीडीए के फार्मूले की काट प्रस्तुत करने की कोशिश की है। इसके जरिये पिछड़ों को अपने पाले में करने की कोशिश की गई है।

Back to top button