
चंदौली। नेपाल में आई त्रासदी से प्रभावित होकर लौट रहे यात्रियों की मदद के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर सेवा अभियान चलाया गया। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं और रेलवे की टीम ने यात्रियों को आवश्यक दवाइयां, लंच पैकेट और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. केएन पांडेय के नेतृत्व में मैक्सवेल हॉस्पिटल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम, पूर्व सैनिकों और समाजसेवियों ने पटना से महाराष्ट्र जा रहे नेपाल आपदा से प्रभावित यात्रियों की मदद की। चिकित्सकों की टीम ने सभी यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच की। उन्हें दवाइयां और भोजन सामग्री प्रदान की गई।
डॉ. केएन पांडेय ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित यात्रियों के साथ खड़ा होना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है। नेपाल से कठिन परिस्थितियों में लौट रहे यात्रियों को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और सहयोग के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके जल्द सुरक्षित और सामान्य जीवन में लौटने की कामना की।
इस दौरान रेलवे की टीम और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। जंक्शन पर किए गए इस सेवा कार्य से आपदा प्रभावित यात्रियों को तत्काल राहत मिली।

