ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मुग़लसराय के चर्चित अपहरण कांड का 11 साल से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, बिहार से पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर, 25 हजार का वांछित भी धराया

 चंदौली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुगलसराय और सैयदराजा पुलिस टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई में 25 हजार और 50 हजार रुपये के दो इनामी वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुगलसराय पुलिस ने जहां अपहरण और फिरौती के करीब 11 वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को बिहार से गिरफ्तार किया, वहीं सैयदराजा पुलिस ने गोवध के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को चुनार क्षेत्र से दबोचा।

 

अपहरण-फिरौती के मामले में था फरार

मुगलसराय पुलिस के अनुसार 13 जनवरी 2015 को मैनाताली निवासी पीयूष भारूका घर से निकले थे, जिसके बाद उनकी स्कूटी मानसनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास लावारिस मिली थी। 16 जनवरी को परिजनों के मोबाइल पर फिरौती की मांग और जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में मुगलसराय थाने में अपहरण और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और पीयूष भारूका को सकुशल बरामद कर लिया था। मामले में वांछित दिलीप कुमार कुशवाहा उर्फ छोटू, निवासी बनखड़ा, थाना राजापाकड़, जिला वैशाली, बिहार फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

 

सर्विलांस टीम की मदद से मुगलसराय पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को उसे दानापुर, पटना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ चंदौली, वैशाली, हाजीपुर, रांची, नालंदा और पटना समेत विभिन्न स्थानों पर कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।

 

गोवध के मामले में 25 हजार का इनामी पकड़ा

दूसरी कार्रवाई में स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस ने गोवध के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी मनीष यादव, निवासी ग्राम सराय, थाना बलुआ, चंदौली को चुनार क्षेत्र के सक्तेशगढ़ मार्ग तिराहे से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 24 मई 2025 को जमानिया तिराहे के पास एनएच-2 पर दो टाटा मैजिक वाहनों से तीन गोवंश बरामद किए गए थे। मामले में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया था। विवेचना में मनीष यादव की भूमिका सामने आई और वह तभी से फरार था। उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में कुल 63 इनामी वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!