GK अपडेटचंदौलीराज्य/जिला

UPI पर ₹100 का सोना खरीद रहे हैं? पहले जानिए Digital Gold और EGR का फर्क

चंदौली। मोबाइल पर कुछ क्लिक और UPI से भुगतान… ₹100 या ₹500 का सोना खरीदते ही स्क्रीन पर गोल्ड बैलेंस दिखने लगता है। लेकिन क्या यह सोना उसी तरह सुरक्षित और नियामकीय निगरानी में है, जैसा आप समझ रहे हैं? डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने Digital Gold, Gold ETF और Electronic Gold Receipts (EGR) के बीच अंतर बताते हुए निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

डॉ. तिवारी के अनुसार 26 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहायक कंपनी ऑगमॉन्ट गोल्ड टेक को EGR को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख पार्टनर के रूप में सूचीबद्ध किए जाने की घोषणा की। इसका मकसद फिजिकल गोल्ड और EGR के बीच रूपांतरण को आसान बनाना और इस बाजार की पहुंच बढ़ाना है।

EGR क्या है?

EGR को सोने की इलेक्ट्रॉनिक रसीद के तौर पर समझा जा सकता है। निर्धारित मानकों वाला फिजिकल गोल्ड पंजीकृत वॉल्ट में रखा जाता है और उसके आधार पर EGR जारी होता है। इसे डीमैट खाते में रखा जा सकता है और NSE पर खरीदा-बेचा जा सकता है। निर्धारित प्रक्रिया व शुल्क के अनुसार फिजिकल गोल्ड की डिलीवरी का विकल्प भी मौजूद है।

UPI से भुगतान, लेकिन रेगुलेशन किसका?

डॉ. तिवारी ने सबसे अहम बात स्पष्ट करते हुए कहा कि UPI से भुगतान करने भर से खरीदा गया गोल्ड RBI के नियमन में नहीं आ जाता। प्रोडक्ट का नियामकीय दर्जा उसके स्वरूप से तय होता है, भुगतान के माध्यम से नहीं।

ऐप के जरिए मिलने वाला Digital Gold SEBI के नियामकीय दायरे में नहीं आता, जबकि Gold ETF और एक्सचेंज पर ट्रेड होने वाला EGR SEBI के नियामकीय ढांचे से जुड़े हैं। Sovereign Gold Bond अलग श्रेणी की सरकारी प्रतिभूति है, जिसे RBI सरकार की ओर से जारी करता है।

उन्होंने कहा कि NSE पर EGR की ट्रेडिंग पहले से उपलब्ध है। नई घोषणा EGR की शुरुआत नहीं, बल्कि ऑगमॉन्ट गोल्ड टेक की नई भूमिका और बाजार के विस्तार से जुड़ी है।

डॉ. तिवारी की सलाह है कि अगली बार ऐप पर ‘Gold’ दिखे तो सिर्फ कीमत और बैलेंस न देखें। पहले पता करें—आपने Digital Gold खरीदा है, Gold ETF या EGR। इसके बाद शुल्क, डिलीवरी की शर्तें, वॉल्ट व्यवस्था और जोखिम समझकर ही फैसला लें।

डॉ. विनय प्रकाश तिवारी, Founder–LTP Calculator Financial Technology Pvt. Ltd. एवं Daddy’s International School & Hostel, बिशुनपुरा-कांटा, चंदौली हैं।

अस्वीकरण: यह सामग्री वित्तीय जागरूकता के उद्देश्य से है, व्यक्तिगत निवेश सलाह नहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!