
चंदौली। धानापुर विकासखंड में नव निर्मित वृहद गो संरक्षण केन्द्र का सोमवार को ऑनलाइन (वर्चुअल) माध्यम से लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा पशुधन राज्यमंत्री ने लखनऊ स्थित पशुपालन विभाग के निदेशालय, बादशाहबाग से आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस गो संरक्षण केन्द्र का वर्चुअल उद्घाटन किया।

400 गोवंशों की क्षमता वाले इस आधुनिक गो संरक्षण केन्द्र का निर्माण क्षेत्र में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी अथवा शासन द्वारा निर्धारित किसी एनजीओ या अधिकृत संस्था को सौंपी जाएगी। यहां गोवंशों के संरक्षण, देखभाल और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
लोकार्पण के अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और उनके बेहतर रखरखाव के लिए लगातार प्रयासरत है। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में खुले घूमने वाले बेसहारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, जिससे किसानों की फसलों की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।

धानापुर ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख, वाराणसी मंडल के अपर निदेशक (ग्रेड-2) पशुपालन विभाग, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश कुशवाहा, खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी धानापुर, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। अधिकारियों ने इसे पशुधन संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके सफल संचालन पर जोर दिया।

