ख़बरेंचंदौली

चंदौली में तिरंगा यात्राओं में गूंजा देशभक्ति का संदेश, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी, नियामताबाद में विधायक ने किया नेतृत्व

चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को जिले में दो स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर और नियामताबाद डीसीआरबी परिसर से निकली यात्राओं में स्कूली छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।

महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित तिरंगा यात्रा को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा नगर के मुख्य बाजार से होते हुए वापस अपने गंतव्य पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और नागरिकों ने तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाना है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज में एकता, शांति और सौहार्द का संदेश देती है। पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ राष्ट्र सेवा से जुड़े आयोजनों में भी पूरी प्रतिबद्धता से भागीदारी करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।

 

वहीं, नियामताबाद डीसीआरबी परिसर में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग शामिल हुए। दीप प्रज्ज्वलन के बाद दोनों ने संयुक्त रूप से यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यात्रा स्थानीय बाजार से होकर वापस डीसीआरबी परिसर पहुंची। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से लोगों में देशभक्ति का संदेश दिया।

 

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक है तथा यह अभियान नई पीढ़ी को देश की संप्रभुता और अखंडता के प्रति जागरूक करने का माध्यम है।

 

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त जवानों को माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। डीसीआरबी परिसर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला पंचायत राज अधिकारी, डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। दोनों यात्राओं के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!