
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को उसके घर के बाहर से पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कपिल देव वर्मा उर्फ कपिल वर्मा करवल पुत्र गुरुबचनदास, निवासी कझेरी, सेक्टर-52, थाना सेक्टर-36, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, न्यायालय के आदेश और उच्चाधिकारियों के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सैयदराजा पुलिस टीम को कपिल देव वर्मा के चंडीगढ़ स्थित ठिकाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर आरोपी की गिरफ्तारी की योजना बनाई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
2022 में पकड़ी गई थी अवैध शराब
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में सैयदराजा थाना क्षेत्र में उसकी गाड़ी संख्या PB11AX9295 से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। पुलिस, आबकारी विभाग और जीएसटी सचल दल की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक से करीब 450 पेटी यानी लगभग 4010 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। इस दौरान कूटरचित दस्तावेज भी सामने आए थे।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी और सजा से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दो मुकदमों में नाम सामने आया
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कपिल देव वर्मा के खिलाफ सैयदराजा थाने में वर्ष 2022 में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60/63/72 तथा धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा लखनऊ के काकोरी थाने में भी वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक रामकुमार दुबे और आरक्षी गोविन्द मिश्रा शामिल रहे।

