
चंदौली। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति को लेकर गुरुवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने निरीक्षण कर गंभीर सवाल उठाए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। ग्रामीणों ने शिकायत की कि केंद्र पर नियमित रूप से दवाएं उपलब्ध नहीं होतीं और डॉक्टर के समय से न मिलने के कारण उन्हें इलाज के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता है।
पूर्व विधायक के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात चिकित्सक सुबह करीब 9:06 बजे पहुंचे। इस पर मनोज सिंह डब्लू ने चिकित्सक से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। हालांकि, चिकित्सक की ओर से दिए गए जवाब से वह संतुष्ट नहीं हुए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा और रखरखाव की स्थिति भी खराब मिली। अस्पताल में लगे पंखे और समरसेबल चोरी होने की बात सामने आई। परिसर में काफी मात्रा में घास-फूस उगी हुई है, जिससे ग्रामीणों में जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता है। वहीं अस्पताल की बाउंड्री क्षतिग्रस्त होने के कारण अराजकतत्वों के परिसर में आने-जाने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी रात के समय परिसर में नहीं रुकते। इससे रात में किसी मरीज को चिकित्सकीय जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। खास बात यह है कि अस्पताल परिसर में चिकित्सकों और कर्मचारियों के ठहरने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से आवासीय भवन भी बनाए गए हैं, इसके बावजूद उनका नियमित उपयोग नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों की शिकायतों और अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से टेलीफोन पर वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और रात्रिकालीन ठहराव की व्यवस्था कराने की मांग की।
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी धन से अस्पताल और आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं, लेकिन उनका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सीएमओ से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। सीएमओ ने उन्हें 15 दिनों के भीतर अस्पताल की समस्याओं को दूर कराने का भरोसा दिया। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

