क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

विवाद बना जानलेवा: मारपीट में घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, मुकदमा दर्ज

चंदौली । शहाबगंज थाना क्षेत्र के गजधरां गांव में आपसी विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय कोमल तिवारी की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।

गजधरां निवासी कोमल तिवारी गुरुवार को रज्जुपुर स्थित एक दुकान पर गए थे। वहां किसी बात को लेकर फतेहपुर खुर्द निवासी एक व्यक्ति से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई, मनबढ़ ने कोमल तिवारी को पीटकर अधमरा कर दिया।

स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। शनिवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक परिवार का मुख्य सहारा थे, उनके निधन से परिजनों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि आरोपी फतेहपुर खुर्द का निवासी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Back to top button
error: Content is protected !!