
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के उतरौत बाजार में गुरुवार को भारत माला एक्सप्रेस के लिए मिट्टी लादकर जा रहा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। सड़क किनारे खेल रहा सात वर्षीय बालक शिवांश पुत्र छोटू की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कोहराम मच गया। कई बच्चों के दबे होने की अफवाह से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। तीन थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भारतमाला परियोजना के लिए डंपर मिट्टी लादकर काफी तेज रफ्तार में जा रहा था। उतरौत गांव में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकराने के बाद पलट गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डंपर चालक शराब के नशे में था। बहरहाल जेसीबी की मदद से डंपर को हटाया गया। मिट्टी हटाने पर मासूम का शव मिला। भारी भीड़ जमा होने चलते सड़क जाम हो गई। नाराज लोगों ने चालक खूब पिटाई की। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

