
चंदौली/वाराणसी। क्रिकेटर बनने का सपना संजोए 14 वर्षीय आरूष यादव की जिंदगी का पहला कदम ही आखिरी सफर बन गया। सोमवार को क्रिकेट एकेडमी में पहले दिन अभ्यास करने गए आरूष की घर लौटते समय सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गंगापुल पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार आरूष उछलकर अर्द्धनिर्मित पुल के पिलर से जा टकराया। सीने में सरिया धंसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे पिता विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरूष पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के गांधीनगर स्थित अध्यापक कॉलोनी का रहने वाला था और सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। हाल ही में उसका हरहुआ स्थित क्रिकेट एकेडमी में चयन हुआ था। सोमवार को वह पिता के साथ पहली बार अभ्यास के लिए गया था, लेकिन लौटते समय हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
आरूष की मां संगीता देवी निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि बेटा क्रिकेट को लेकर काफी उत्साहित था और भविष्य में बड़ा खिलाड़ी बनना चाहता था। आरूष परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मंगलवार को परिजनों ने नम आंखों से आरूष का अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद स्कूल और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

