ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: प्राचीन काली मंदिर में दुस्साहसिक चोरी, चांदी के मुकुट और 105 किलो के पीतल के घंटे ले गए चोर

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर पुलिस चौकी अंतर्गत टांडाकला ग्राम सभा स्थित प्राचीन मां काली मंदिर में सोमवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर के ताले काटकर अंदर घुस गए और देवी प्रतिमाओं पर चढ़े चांदी के मुकुट, आभूषण तथा करीब 105 किलोग्राम वजन के 12 पीतल के घंटे चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

चोर देर रात मंदिर पहुंचे और कटर की मदद से मुख्य शटर का ताला काट दिया। इसके बाद अंदर के दूसरे दरवाजे की कुंडी भी काटकर गर्भगृह में प्रवेश कर गए। वहां से मां काली की प्रतिमा पर सुशोभित चांदी का बड़ा मुकुट, समीप स्थापित देवी प्रतिमा का चांदी का मुकुट, टीका, नथिया सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे 12 बड़े पीतल के घंटे भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

घटना का पता मंगलवार तड़के उस समय चला, जब रोज की तरह सुबह करीब 4:30 बजे मंदिर के पुजारी प्रमोद यादव और उनके सहयोगी अवधेश प्रजापति पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर का मुख्य द्वार खुला हुआ है और गर्भगृह से देवी-देवताओं के आभूषण व अन्य सामान गायब हैं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस और मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और कटर से ताले व कुंडी काटकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अब मंदिर के आसपास तथा स्थानीय बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!