चंदौलीराज्य/जिला

ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने किया वेयरहाउस का निरीक्षण

 

चंदौली। जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत नियमित रूप से किया गया। डीएम ने वेयर हाउस की सुरक्षा देखी। साथ ही जरूरी दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा मानकों, प्रवेश व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वीवीपैट (वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) गोदाम का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों की जांच की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे लेकर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!