ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: खड़े ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई स्कूटी, मामा-भांजे की मौत, परिवार में मचा कोहराम

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर गांव स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास शनिवार भोर में सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों पड़ाव चौराहे से मुगलसराय की ओर जा रहे थे। उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

 

उस्मान (32 वर्ष) निवासी दुल्हीपुर  अपने मामा जुबैर (47 वर्ष) निवासी रायबरेली के के साथ शनिवार की भोर कहीं जा रहे थे। उसी दौरान स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। पुलिस की पीआरबी टीम को जलीलपुर गांव के पास हादसे की सूचना भोर में चार बजे मिली। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो सड़क किनारे बिजली के सजावटी खंभे लगाने के काम में लगा ट्रैक्टर खड़ा मिला। इसी दौरान पड़ाव की ओर से आ रही स्कूटी अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रैक्टर में टकरा गई।

 

सिर में गंभीर चोट, ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को लतीफ अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। दिवाली से ठीक एक दिन पहले परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। जिन घरों में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया। त्योहार की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!