
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 5430 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सहजौर स्थित संत रविदास मंदिर के पास खाली खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग ताश के पत्ते फेंककर भागने लगे। टीम ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहजौर निवासी अमित कुमार और गोविन्द शर्मा तथा सैयदराजा थाना क्षेत्र के हलुआ मड़ई निवासी पंकज यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने जुए के फड़ से 5100 रुपये और तलाशी के दौरान 330 रुपये बरामद किए। इस मामले में तीनों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

