ख़बरेंचंदौली

भाईचारे और अकीदत के साथ मनाया गया बकरीद का त्यौहार

चंदौली : जनपद में गुरुवार को बकरीद का त्योहार पूरी अकीदत, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह सहित नगरों और ग्रामीण इलाकों की विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए परिधानों में सज-धज कर अल्लाह की बारगाह में पहुंचकर बकरीद की विशेष नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।

मुगलसराय नगर के ईदगाह, जामा मस्जिद, बड़ी मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में निर्धारित समय पर इमामों की अगुवाई में नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों में अनुशासन और धार्मिक आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
बकरीद के अवसर पर नगर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही।

पुलिस प्रशासन की ओर से ईदगाह व प्रमुख मस्जिदों के आसपास विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। नगर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस के अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

नगर पालिका की ओर से सफाई और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई थी ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सुबह से ही सफाई कर्मी ईदगाह व मस्जिदों के आसपास सफाई व्यवस्था में जुटे रहे।

नमाज के बाद घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। लोगों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां पहुंचकर एक-दूसरे को बकरीद की बधाई दी। जगह-जगह बच्चों की चहल-पहल और लोगों की आवाजाही से पूरे नगर में त्योहार जैसा माहौल बना रहा।

इस दौरान प्रशासन की अपील का भी लोगों ने पूरा पालन किया और पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया। पूरे नगर में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों ने नगरवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
बकरीद के इस पावन अवसर पर नगर में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली, जहां सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई देकर सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!