प्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा, 24 घंटे बिजली-पानी और पुख्ता सुरक्षा के निर्देश

चंदौली। सकलडीहा तहसील के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले बाबा कीनाराम जन्मोत्सव-2026 को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को रामगढ़ स्थित मल्टीपरपज हॉल में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 24 घंटे साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में एंबुलेंस, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र सक्रिय रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन भी मौके पर तैनात किए जाएंगे।

वर्तमान मौसम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मेले में किसी भी प्रकार के झूले के संचालन पर रोक लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने क्षेत्राधिकारियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों पर पुलिस बल की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारितोष मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, विद्युत विभाग तथा नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिकारी, अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि और मंदिर प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!