
चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने डरा-धमकाकर जबरन धन उगाही करने के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को ग्राम नौरंगाबाद से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ढोढीया निवासी अफसाना बेगम पत्नी अख्तर अली ने 15 जुलाई 2026 को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने गरीबी के कारण रैथा निवासी शम्भूनाथ यादव और सच्चिदानन्द उपाध्याय से डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि उक्त रकम के बदले वह तीन वर्षों में करीब सात लाख रुपये वापस कर चुकी हैं। इसमें करीब 1.70 लाख रुपये ऑनलाइन और लगभग पांच लाख रुपये गहने बेचकर नकद दिए जाने की बात कही गई।
तहरीर के मुताबिक रकम लौटाने के बावजूद दोनों आरोपियों द्वारा कथित तौर पर हर महीने डराकर और धमकाकर जबरन पैसे की मांग की जा रही थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे का अपहरण कर लेने और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। मामले में सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 149/2026 के तहत धारा 308(5), 352 और 351(3) बीएनएस में अभियोग दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को नौरंगाबाद गांव से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शम्भूनाथ यादव पुत्र स्वर्गीय मुख्खन यादव और सच्चिदानन्द उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय सदानन्द उपाध्याय, दोनों निवासी ग्राम रैथा, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सतीश यादव, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।

