
चंदौली। थाना क्षेत्र के गहिला बाबा जंगल स्थित पश्चिमी जयमोहनी कंपार्टमेंट नंबर-10 के खीरीगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त शमशेरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय राजू के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार राजू बुधवार दोपहर जलौनी लकड़ी लेने जंगल गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर रातभर उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत और वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गहरे जख्म और काटने के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हुई होगी। हालांकि वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। राजू अपने पीछे पत्नी तेतरी, तीन वर्षीय पुत्र दिनेश और एक वर्षीय पुत्री रजनी को छोड़ गया है। पति की मौत की खबर से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

