क्राइमराज्य/जिला

कार की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूर घायल, ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव के पास हाईवे पर स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, घायलों को एंबुलेंस से चहनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव निवासी 25 वर्षीय चिरामन बनवासी और 24 वर्षीय शमशेर बनवासी पलिया स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। दोनों किसी काम से बाइक पर सवार होकर मजीदहा जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक सहित वाहन में सवार तीन अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!