चंदौलीराज्य/जिला

महड़ौर में ठप पड़ीं स्ट्रीट लाइटें, गलियों में अंधेरा, अधिकारी एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी

संवाददाता: बाबू चौहान 

चंदौली। विकासखंड शहाबगंज के ग्राम पंचायत सारींगपुर अंतर्गत महड़ौर गांव में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। गांव में लगी सभी स्ट्रीट लाइटें पिछले कई दिनों से बंद पड़ी हैं, जिससे रात होते ही पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

मामले में जब खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव से बात करने की सलाह दी। वहीं ग्राम पंचायत सचिव ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से किनारा कर लिया कि उन्होंने करीब दस माह पूर्व ही कार्यभार संभाला है और स्ट्रीट लाइटें पहले से खराब थीं। उन्होंने इस संबंध में एडीओ पंचायत से संपर्क करने को कहा।

उधर एडीओ पंचायत कार्यालय पहुंचने पर अधिकारी अनुपस्थित मिले। बाद में दूरभाष पर संपर्क करने पर एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने केवल इतना कहा कि स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक करा दिया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। गांव में अंधेरा जस का तस बना हुआ है।

ग्रामीण गोविंद तिवारी (बूथ अध्यक्ष), दिनेश तिवारी, संदीप तिवारी, विजय श्याम तिवारी, राकेश तिवारी, अरविंद कुमार, मनोज, सुनील कुमार और बिरबल राम सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को अंधेरे और उससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।

Back to top button
error: Content is protected !!