ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: यक्ष ऐप की मदद से मुगलसराय ने अवैध असलहे के साथ युवक को पकड़ा, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे, चर्चित हत्याकांड में आरोपी 

चंदौली। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने यक्ष ऐप के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आजमगढ़ निवासी आरोपी अनुज सिंह लखनऊ के चर्चित भाजयुमो नेता की हत्या में भी आरोपी है। उसका असलहे के साथ गिरफ्तार होना चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 31 मई की रात पड़ाव चौराहा क्षेत्र में यक्ष ऐप के माध्यम से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक पुलिसकर्मियों को देखकर घबराया हुआ प्रतीत हुआ और वहां से हटने का प्रयास करने लगा।

 

संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और यक्ष ऐप के माध्यम से उसकी पहचान सत्यापित की। पूछताछ में उसने अपना नाम अनुज सिंह निवासी ग्राम सुरहन, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ बताया। इसके बाद नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुए।

 

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उसे रात 10:27 बजे गिरफ्तार कर थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 263/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त तमंचा और कारतूस आजमगढ़ से खरीदकर बिहार के सिवान जिले ले जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध असलहा लेकर चलता था।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ आजमगढ़ तथा लखनऊ में मारपीट, धमकी एवं अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश राय तथा कांस्टेबल हर्ष गोस्वामी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!