
संवाददाता: श्याम सिंह यादव
चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र के पर्वतपुर गांव में शनिवार को भाजपा की ओर से विमुक्ति दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने शिरकत कर जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अनिल राजभर ने विमुक्त समाज के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वंचित, शोषित और विमुक्त समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में वंचित समाज के लोगों को सम्मान और अधिकार मिल रहा है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछड़े और अतिपिछड़े समाज के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और विमुक्ति दिवस इसी सम्मान और अधिकार की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज के युवा आगे बढ़कर अपने अधिकारों और अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
समारोह में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य मंगल बियार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

