
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के महमदपुर (रामगढ़) गांव में सोमवार को सर्पदंश से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घर में रखे उपलों में छिपे विषैले सांप ने बालक को डस लिया। हादसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
महमदपुर गांव निवासी संजय यादव का 13 वर्षीय पुत्र हर्ष यादव सोमवार को घर में रखे उपलों के पास किसी काम से गया था। बताया जाता है कि इसी दौरान उपलों में छिपे विषैले सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिवार के लोगों ने बालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता बेसुध
हर्ष की असमय मौत से पिता संजय यादव और मां सुषमा यादव गहरे सदमे में हैं। इकलौते पुत्र को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों को बिलखता देख वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
गांव में शोक की लहर
बालक की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते रहे। घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान गुड्डू विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। हर्ष की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इकलौते बेटे को खोने का दर्द परिवार के लिए असहनीय बना हुआ है।

