
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्य के प्रति लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में धानापुर थाने पर तैनात अतिरिक्त निरीक्षक सलील स्वरूप आदर्श को निलंबित कर दिया है। एसपी ने मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
निरीक्षक पर सरकारी कार्यों में रुचि नहीं लेने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप है। थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं रहने, शांति व्यवस्था ड्यूटी और शाम की गश्त में हिस्सा नहीं लेने सहित अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने की शिकायत सामने आई थी।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की चार नवंबर को प्रस्तुत आख्या के आधार पर एसपी ने पांच नवंबर को निलंबन की कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

