क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान शुरू – बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा

चंदौली। सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में 01 से 30 सितंबर 2025 तक “नो हेलमेट, नो फ्यूल” विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल/डीजल नहीं दिया जाएगा।

वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सर्वेश गौतम ने बताया कि यह निर्णय शासन के निर्देश पर लिया गया है। सड़क सुरक्षा समिति (SCoRRS) और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार हेलमेट को अनिवार्य बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह पहल की गई है।

अभियान का उद्देश्य

  • हेलमेट के प्रयोग को सुनिश्चित करना।
  • सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु और गंभीर चोटों को रोकना।
  • लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना।

जिले में परिवहन विभाग, पुलिस विभाग और पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया जाएगा। सभी पेट्रोल पंपों पर साफ निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट के आने वाले दोपहिया चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।

सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति

प्रदेश में वर्ष 2024 में 46,052 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 24,118 लोग घायल हुए और 51 प्रतिशत मामलों में 18 से 35 वर्ष तक के युवा शामिल थे। इनमें से अधिकतर हादसे बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वालों के कारण हुए।

Back to top button