fbpx
ख़बरेंचंदौली

विश्व पर्यावरण दिवस :  डीडीयू मंडल में रोपे जाएंगे एक लाख पौधे, डीआरएम ने पौधारोपण कर अभियान का किया आगाज

चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे रोज़ा कॉलोनी पार्क  में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना  सहित रेलवे अधिकारियों द्वारा पौधारोपण के साथ हुई। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और हरा-भरा परिवेश बनाना था। डीआरएम ने रेलवे प्रशासन की ओर से चलाए जाने वाले पौधारोपण अभियान के बाबत चर्चा की।

 

इसके पश्चात प्लास्टिक प्रदूषण के उन्मूलन  के संदेश के साथ प्रभात फेरी निकाली गई, जो यूरोपियन कॉलोनी से होते हुए डीडीयू जंक्शन तक पहुंची। फेरी में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट-गाइड सदस्य, स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक उत्साह से शामिल हुए।

 

डीडीयू जंक्शन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्परिणामों और पर्यावरण के संरक्षण के लिए जिम्मेदार नागरिक भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2025” के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र  और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर डीआरएम ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया। मंडल में इस बार एक लाख पौधे रोपे जाएंगे। कहा कि जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण और शुद्ध हवा जरूरी है। इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उम्मीद है कि सामूहिक प्रयास से हमसभी प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वच्छ और शुद्ध पर्यावरण बनाने में सफल होंगे।

 

 

Back to top button