ख़बरेंचंदौली

बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन सतर्क, सीमावर्ती गांवों में निरीक्षण, स्टंटबाजों पर कार्रवाई

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। अधिकारियों ने लतीफशाह वीयर, मूसाखाड़ डैम और मुजफ्फरपुर वीयर का स्थल भ्रमण किया। इसके अलावा शिकारगंज चौकी अंतर्गत बॉर्डर क्षेत्र के 10 गांवों का भी दौरा किया गया।

 

चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित संभावित गांवों में लाउड हेलर और संवाद के माध्यम से लोगों को सतर्क किया गया। सभी सीमावर्ती गांवों के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर आपदा की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की गई। साथ ही, सुरक्षित तटवर्ती ऊंचाई वाले स्थानों और सरकारी स्कूलों को अस्थाई शरण स्थल के रूप में चिन्हित किया गया।

 

सुरक्षा और कानून व्यवस्था के तहत बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया, जिसमें बिना नंबर प्लेट और अतिक्रमण में खड़ी गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 चालान किए गए। वहीं, डैम और वीयर के पास स्टंट कर रहे युवकों की 4 बाइकें सीज की गईं और 8 व्यक्तियों के खिलाफ 292 BNS के तहत कार्रवाई की गई।

 

मुजफ्फरपुर वीयर के दोनों ओर अस्थाई बैरियर भी लगाए गए हैं, ताकि बाढ़ की स्थिति में पानी का प्रवाह नियंत्रित किया जा सके। बारिश के दौरान कच्चे घरों में रह रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन की यह सक्रियता बाढ़ से पहले की तैयारी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Back to top button
error: Content is protected !!