चंदौली

चंदौली में सार्वजनिक स्थलों पर होगा उज्ज्वल भारत उज्ज्वल भविष्य @2047 का आयोजन, फिल्म भी देखने को मिलेगी

चंदौली। ऊर्जा क्षेत्र में हाल के वर्षों में अर्जित की गई उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराया जाएगा। इसके लिए आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहीद स्मारक और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें भविष्य की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। शासन के निर्देश के बाद बिजली व संबंधित विभाग आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं।

 

ऊर्जा के क्षेत्र में हाल के वर्षों में काफी काम हुआ है। इसकी वजह से बिजली आपूर्ति में सुधार के साथ ही अन्य तरह की सुविधाएं लोगों को मिल रही हैं। बिजली के साथ ही सरकार ऊर्जा के अन्य स्रोतों को भी विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इन्हीं उपलब्धियों को गिनाने और भविष्य में क्या योजना है, इसको बताने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

 

नवीन मंडी में होगा आयोजन

मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी में २७ जुलाई को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा धानापुर, सकलडीहा में शहीद स्मारक पर भी आयोजन होगा। इस दौरान विशेषज्ञ ऊर्जा के क्षेत्र में अब तक हुए विकास और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराएंगे। साथ ही इसके संचय के लिए भी आमजन को प्रेरित किया जाएगा।

 

लघु फिल्म में दिखेगी आठ वर्षों की उपलब्धियां

जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि भारत सरकार की ओर से देश व प्रदेश में पिछले आठ वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में अर्जित की गईं उपलब्धियों को लेकर लघु फिल्म तैयार की गई है। इसका प्रसारण जगह-जगह किया जाएगा। एलईडी वैन व अन्य माध्यमों के जरिए लोगों को लघु फिल्म दिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!