
चंदौली। सकलडीहा से सपा विधायक प्रभुनारायण यादव ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। आरओ को प्रस्तुत किए गए शपथ पत्र के अनुसार प्रभुनारायण यादव पर विभिन्न थानों में संगीन धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। ये असलहों के भी शौकीन हैं। इनके नाम से दो असलहे हैं। लाखों रुपये की अचल व अचल संपत्ति के मालिक प्रभुनारायण यादव स्नातक हैं।
शपथ पत्र में दिए गए विवरण के अनुसार सपा प्रत्याशी प्रभुनारायण यादव के पास लाखों रुपये की चल और अचल संपत्ति है। कैलावर में पुस्तैनी मकान, मुगलसराय के कैलाशपुरी में घर और गोमतीनगर लखनऊ में फ्लैट है। दो लाख नकदी है तो पत्नी के पास नकदी के रूप में 50 हजार रुपये हैं। स्वयं के नाम पर एक इनोवा कार और 20 ग्राम सोना है तो पत्नी के पास सौ ग्राम सोना और एक किग्रा चांदी है। 12 बोर एसबीबीएल और एक रिवाल्वर भी है। प्रभुनारायण यादव बैंकों के कर्जदार भी हैं। केनरा बैंक मुगलसराय से नौ लाख से अधिक का होमलोन, महिंद्रा से पांच लाख से अधिक का वाहन लोन और यूनियन बैंक चहनियां से एक लाख 83 हजार का किसान क्रेडिट कार्ड लोन शामिल है। प्रभुनारायण यादव के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें 307 और 323 जैसी संगीन धाराएं भी जुड़ी हैं। हालांकि पांच मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं और दो की विवेचना चल रही है।