
संवाददाता-बाबू चौहान
चंदौली। बढ़ती महंगाई, गरीबों की बिजली, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और बुलडोजर राज के विरोध में उत्तर प्रदेश किसान सभा आंदोलन तेज करेगी। इन मुद्दों को लेकर आगामी 5 नवंबर को चकिया में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए तहसील क्षेत्र के गांवों में जनजागरण जत्था अभियान चलाकर किसानों और आम लोगों को लामबंद किया जाएगा। शुक्रवार को शहाबगंज सहकारी समिति परिसर में आयोजित किसान सभा की विस्तारित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला मंत्री लालचंद एडवोकेट ने कहा कि बढ़ती महंगाई और गरीबों से जुड़े बिजली के मुद्दे पर जनता को जागरूक करने की जरूरत है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ बुलडोजर राज की समाप्ति को लेकर संगठन गांव-गांव जनसंपर्क करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर संगठित संघर्ष जरूरी है। किसान सभा इन मुद्दों को लेकर गांवों में जनजागरण अभियान चलाएगी और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।
हड़ौरा में 26 अक्टूबर को मनेगा शहीद दिवस
बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 अक्टूबर को हड़ौरा गांव में शहीद दिवस मनाया जाएगा। इसके माध्यम से शहीदों के संघर्ष और उनके विचारों को याद किया जाएगा। साथ ही किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन को और मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
धान खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग
किसान सभा ने धान खरीद की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए भी संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीद की प्रक्रिया सुचारु ढंग से संचालित कराने और किसानों की समस्याओं को उठाने के लिए संगठन आवाज बुलंद करेगा।
बैठक में जिला मंत्री लालचंद एडवोकेट पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। किसान सभा के अध्यक्ष मंडल के स्वामीनाथ यादव, नंदलाल राम, अजय शेखर, बडेलाल, बदरू ध्वजा, रोहण अंसारी, प्रधान नीरज यादव, सोनू राम, चंद्रशेखर चौहान और जयप्रकाश विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।

