ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ऑटो में बैठाकर यात्री से लूट, आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद

चंदौली। मुगलसराय स्टेशन से पड़ाव जाने के लिए ऑटो में बैठे यात्री को रास्ता बदलकर रिंग रोड पर ले जाकर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में मुगलसराय पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया रियलमी 6i मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान काली महाल निवासी कुनाल आलम (21) के रूप में हुई है। घटना में शामिल उसके साथी की तलाश की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर (छावनी) निवासी महेश पाल 15 अगस्त की रात मुगलसराय स्टेशन से पड़ाव जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए थे। आरोप है कि ऑटो चालक और उसके साथी ने निर्धारित मार्ग के बजाय उन्हें सब्जी मंडी, सट्टी और छिमिया होते हुए महादेवपुर के पास रिंग रोड पर पहुंचाया। वहां दोनों ने गाली-गलौज करते हुए यात्री से मोबाइल फोन और पर्स में रखे 2,500 रुपये छीन लिए और फरार हो गए।

 

घटना की शिकायत मिलने पर मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर चंधासी-हरिशंकरपुर मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान कुनाल आलम को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस ने बताया कि बरामद रियलमी 6i मोबाइल की पहचान पीड़ित के लूटे गए फोन के रूप में हुई है। आरोपी के पास मिले 500 रुपये भी लूट की रकम में शामिल बताए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

 

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर यात्री को ऑटो में बैठाया था और रिंग रोड पर ले जाकर मोबाइल व 2,500 रुपये लूटे थे। दोनों मोबाइल बेचकर रकम आपस में बांटने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

 

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, उपनिरीक्षक संजय कुमार राय समेत हेड कांस्टेबल राजबहादुर सरोज, कांस्टेबल संजय कुमार और अंकुर खरवार शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!