
वाराणसी। रामनगर इलाके में रविवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसके साथी को पुलिसवालों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर चेतगंज और रामनगर थाने की पुलिस ने पिछले दिनों सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम देने वाले 8 बदमाशों को पकड़ा। इनमें पांच चंदौली के रहने वाले हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से पांच लाख रुपये, एक कार, बुलेट बाइक, पिस्टल बरामद किया है।
वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र में पिछले दिनों सर्राफा व्यापारी से लूट हुई थी। पुलिस लुटेरों की फिराक में लगी थी। रविवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड का मुख्य आरोपी और उसका एक साथी रामनगर इलाके में मौजूद हैं। इस पर रामनगर और चेतगंज थाने की पुलिस ने बंदरगाह रोड के पास घेरेबंदी कर ली। थोड़ी देर बाद पहुंचे बाइक सवार बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में घटना के मुख्य आरोपी आकाश सेठ को पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी आशीष मौर्या भागते समय पकड़ा गया। पुलिस ने लंका मैदान और बंदरगाह रोड के समीप घेरेबंदी कर 8 बदमाशों को पकड़ा।
पकड़े गए बदमाशों में पांच चंदौली के रहने वाले हैं। इनमें सदर कोतवाली क्षेत्र के बसारिकपुर गांव निवासी सिपाही उर्फ विजय यादव, शास्त्री नगर वार्ड नंबर 2 निवासी आकाश यादव, झांसी निवासी प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्या, अमित कुमार, नासिरपुर निवासी जावेद अख्तर शामिल है। बदमाशों के पास से एक कार, घटना में लूटे गए 5 लाख रुपये, एक पिस्टल, दो खोखा, एक बुलेट बाइक बरामद की गई। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई रकम की शत-प्रतिशत रिकवरी की। इस पर डीसीपी काशी जोन की ओर से पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई।

