ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: टहलने गए वृद्ध की नहर में डूबने से मौत, 10 किलोमीटर दूर मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मरकनिया गांव में सोमवार की भोर में टहलने के लिए घर से निकले 70 वर्षीय श्यामू राम की नहर में डूबने से मौत हो गई। नहर में तेज बहाव होने के कारण उनका शव करीब 10 किलोमीटर दूर इटवा गांव में मिला। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।

 

मरकनिया गांव निवासी श्यामू राम पहले मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उम्र अधिक होने के कारण उन्होंने काम छोड़ दिया था और घर पर ही रहते थे। परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन भोर में टहलने, व्यायाम और शौच के लिए लाठी व पानी की बोतल लेकर निकलते थे। सोमवार को भी वह इसी तरह घर से निकले, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे।

 

परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो घर से करीब 50 मीटर दूर नहर किनारे उनकी लाठी और बोतल मिली। इससे अनहोनी की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। नहर में पानी लबालब भरा था और बहाव भी तेज था। पुलिस और ग्रामीणों ने भूपौली नहर का पानी बंद कराया और शव की तलाश शुरू की।

 

तलाश के दौरान पुलिस करीब 10 किलोमीटर दूर इटवा गांव पहुंची, जहां बहाव कम होने पर नहर में श्यामू राम का शव मिला। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक अनंत भार्गव ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र हरिनाम, पुत्री आशा, पतोहू भगनी देवी और नाती राजेश, राकेश व गोपाल का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

 

Back to top button
error: Content is protected !!