ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 87 में मात्र 7 शिकायतें हुईं निस्तारित, सीडीओ ने अफसरों को दी सख्त चेतावनी

चंदौली। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को चकिया तहसील सभागार में जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन सरकारी परियोजनाओं की नियमित गुणवत्ता जांच कराने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित और पीड़ित लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि उन्हें समय पर न्याय मिल सके। यदि किसी विभाग द्वारा बिना उचित कारण के शिकायतों को लंबित रखा गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि विवाद, पुलिस, विकास, विद्युत तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित रहे। अधिकारियों को शेष मामलों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी चकिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, खंड विकास अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सम्पूर्ण समाधान दिवस की समाप्ति के बाद तहसील परिसर में विशेष पर्यावरण जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी आर. जगत साई और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी से अधिकाधिक पौधरोपण कर हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!