
चंदौली। मुगलसराय के न्यू महाल पानी टंकी के पास निर्माणाधीन फ्लैट में चौकीदारी करने वाले पुनवासी चौहान (45) की इलाज के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। वह रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में फ्लैट के बाहर मिले थे। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अलीनगर नई बस्ती निवासी पुनवासी चौहान न्यू महाल पानी टंकी के पास निर्माणाधीन फ्लैट में चौकीदार के रूप में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक वह रविवार को रोज की तरह शाम करीब छह बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। रात करीब 10 से 10:15 बजे उनकी पत्नी गीता देवी के मोबाइल फोन पर सूचना मिली कि पुनवासी फ्लैट के बाहर घायल और अचेत अवस्था में पड़े हैं।

जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां डायल 112 की पुलिस भी मौजूद थी। परिजनों ने घायल पुनवासी को उपचार के लिए स्थानीय मैटिस अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर बीएचयू पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की परिस्थितियों को लेकर परिजनों में कई सवाल हैं। पत्नी गीता देवी ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि पुनवासी को चोट कैसे लगी और वह निर्माणाधीन फ्लैट के बाहर घायल अवस्था में कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
पूर्व सभासद संतोष चौहान ने बताया कि घटना की वास्तविक स्थिति अभी सामने नहीं आई है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाने तथा पीड़ित परिवार को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की मांग की। पुनवासी अपने पीछे पत्नी गीता देवी और तीन बच्चों काजल (12), पवन कुमार (10) और प्रिंस (9) को छोड़ गए हैं। तीनों बच्चे पढ़ाई करते हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पुनवासी के कंधों पर थी। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

