
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत अमड़ा-धीना मुख्य मार्ग पर शनिवार को डिग्घी गांव के सामने खेत से लकड़ी लेकर लौट रहे ट्रैक्टर को पीछे से आ रहे बालू लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक दिलीप अग्रहरि (25) तथा ट्रैक्टर पर सवार हरिवंश प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटने से बचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। नाराज लोगों ने सड़क पर लकड़ी और ट्राली लगाकर मार्ग जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल कमालपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

