
चंदौली। सदर नगर पंचायत चुनाव में बीजेपी से चेयरमैन पद के प्रत्याशी रहे ओमप्रकाश सिंह ओपी की याचिका पर कोर्ट ने आदेश दिया है। इसके साथ ही राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। ओपी सिंह नगर पंचायत चुनाव के रद्द होने और दोबारा चुनाव होने की बातें कह रहे हैं। इस पर नगर पंचायत चेयरमैन गुड्डू यादव ने जवाब दिया है।
ओपी सिंह ने एक ही मतदाता के दो-दो बार मतदान करने का आरोप लगाते हुए अदालत में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने जिलाधिकारी चंदौली को आदेशित किया है कि उन्हें प्रपत्रों का अवलोकन कराया जाए। इससे चुनाव में हुई अनियमितता सामने आ जाएगी। ऐसे में पिछला चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराया जा सकता है। हालांकि, इसको लेकर चेयरमैन गुड्डू यादव ने भी अपना पक्ष रखा है।
गुड्डू यादव का कहना है कि ओमप्रकाश सिंह को अपनी ही सरकार और उसके कर्मचारियों की कार्य प्रणाली पर भरोसा नहीं है। यदि एक मतदाता का दो वार्डो में नाम था तो उसने दो जगह पर वोट कैसे दिया। उसे रोका क्यों नहीं गया। क्या उसकी उंगली पर स्याही नहीं लगाई गई थी। वे किसके मतदाता थे यह कौन निर्धारित करेगा। ओपी सिंह ने न्यायालय में जो पिटीशन दाखिल किया है वह निर्धारित समय के बाद किया है। फिर भी न्यायालय और शासन का जो भी आदेश आएगा उसे स्वीकार किया जाएगा।