
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के नदेसर गांव में मंगलवार तड़के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नदेसर गांव निवासी 29 वर्षीय विकास मौर्य पुत्र अरविंद मौर्य ने घर में चल रहे आपसी विवाद और पारिवारिक कलह से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि विकास की शादी तीन-चार वर्ष पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।

