
चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को थाना बलुआ क्षेत्र स्थित बलुआ घाट पर नवनिर्मित जल पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने चौकी भवन की आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और जल पुलिस के पास उपलब्ध जीवन रक्षक संसाधनों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विशेष रूप से डूबने की घटनाओं और अन्य जल दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जल पुलिस को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने जल पुलिस टीम को घाटों तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में नावों के माध्यम से नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील और गहरे जल क्षेत्रों की पहचान कर वहां स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा फ्लोटिंग बैरिकेडिंग या सुरक्षा जाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे न जा सकें।
इसके अलावा स्थानीय एवं प्रशिक्षित सरकारी गोताखोरों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय रिंग, रेस्क्यू रोप और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों को हमेशा उपयोग के लिए तैयार रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न उतरने, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि जल पुलिस की सक्रियता और समयबद्ध कार्रवाई से हादसों में कमी लाई जा सकती है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर, थाना प्रभारी बलुआ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

