
चंदौली। मुगलसराय के वीआईपी रेलवे गेट के सामने स्थित प्राचीन मां काली मंदिर से सुभाष पार्क के समीप नवनिर्मित मंदिर में विग्रह स्थापना की प्रक्रिया के तहत शनिवार को मां काली की भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे नगर में “जय मां काली” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्री माता काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन शाम करीब सात बजे माता काली, प्रथम पूज्य भगवान गणेश और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ शोभायात्रा के माध्यम से नए मंदिर परिसर की ओर ले जाया गया। शोभायात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य 251 महिलाओं की कलश यात्रा रही। सिर पर कलश धारण कर एक साथ चल रही महिलाओं की भक्ति और अनुशासन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
प्राचीन मंदिर से माता के प्रस्थान के दौरान अनेक श्रद्धालुओं की आंखें नम दिखीं। वर्षों से जिस मंदिर में माता के दर्शन करते आए थे, वहां से प्रतिमा के स्थानांतरण ने लोगों को भावुक कर दिया। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस बात पर खुशी भी जताई कि नए एवं विस्तृत मंदिर परिसर में अब अधिक संख्या में भक्त सुगमता से दर्शन-पूजन कर सकेंगे।
शोभायात्रा से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रायश्चित, गोदान, अघोर मंत्र जाप तथा पंचांग पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद धर्म ध्वजा लेकर घोड़े की अगुवाई में यात्रा शुरू हुई। ऊंटों का काफिला, डमरू दल, बैंड-बाजा, नगाड़े, आकर्षक रोशनी और भक्ति संगीत के बीच हजारों श्रद्धालु नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नए मंदिर परिसर तक पहुंचे। पूरे मार्ग में श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
सुभाष पार्क स्थित नए मंदिर परिसर पहुंचने पर विद्वान ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन के साथ आगामी धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत कराई। ट्रस्ट के अनुसार 5 से 7 जुलाई तक जलाधिवास, अन्नाधिवास, मूर्ति स्थापना, नेत्रोन्मीलन और अन्य वैदिक कर्मकांड संपन्न होंगे। जबकि 8 जुलाई को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति और महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे से मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा तथा रात्रि में भव्य देवी जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम में श्री माता काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष जायसवाल, मीडिया प्रभारी एवं सांस्कृतिक मंत्री अशोक सिद्धार्थ केसरवानी, बिल्लू पाहवा, हरि प्रसाद गुप्ता, अजय चौहान, राजेश जायसवाल, नत्थू माली सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बड़ी संख्या में महिलाओं और हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

