ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हाउस पाइप बदलने के बाद नगवा पंप कैनाल में दौड़ा पानी, पूर्व विधायक ने टेल तक सिंचाई सुनिश्चित करने की दी चेतावनी

 चंदौली। नगवा पंप कैनाल में लंबे समय से पानी की कमी के कारण सिंचाई संकट झेल रहे किसानों को रविवार को कुछ राहत मिली। फटी हुई हाउस पाइप बदलने के बाद शनिवार देर शाम से कैनाल का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया। रविवार को सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने नगवा पंप कैनाल की लघु नहर (लघुडाल) का निरीक्षण कर सिंचाई व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

 

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कैनाल का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि टेल क्षेत्र तक निर्बाध रूप से पानी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई का यह सबसे महत्वपूर्ण समय है और यदि किसानों को समय पर सिंचाई का पानी नहीं मिला तो उनकी फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उनकी चेतावनी के बाद विभाग हरकत में आया और शनिवार शाम बलुआ लघुडाल से पुरानी हाउस पाइप लाकर क्षतिग्रस्त पाइप को बदला गया। पाइप बदलने के तुरंत बाद नगवा पंप कैनाल में पानी छोड़ा गया। मौके पर मौजूद किसान रामा यादव ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शाम से कैनाल में पानी का प्रवाह शुरू हो गया, जिससे किसानों में राहत की उम्मीद जगी है।

 

पूर्व विधायक ने कहा कि नगवा पंप कैनाल इस क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा है। इसलिए इसकी देखरेख और संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर हाउस पाइप नहीं बदले जाने के कारण किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

उन्होंने सिंचाई विभाग से टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पानी की आपूर्ति बाधित हुई या किसानों की शिकायतें मिलीं तो वह किसानों के साथ आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों से नियमित निगरानी कर कैनाल को पूरी क्षमता से संचालित रखने की अपील की, ताकि क्षेत्र के सभी किसानों को समय पर सिंचाई का लाभ मिल सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!